राँची : भाजपा की केंद्रीय टीम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का बोलबाला रहा। वे स्वयं तो उपाध्यक्ष बने ही अन्नपूर्णा देवी को भी उपाध्यक्ष व समीर उरांव को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का अध्यक्ष बनवाने में कामयाब रहे। सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं सांसद अन्नपूर्णा देवी को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं समीर उरांव को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। सांसद ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की नवगठित टीम में झारखंड को बहुत अच्छा प्रतिनिधित्व मिला। बधाई देने वालों में विधायक राज सिन्हा, इंद्रजीत महतो, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, संजय झा, संजीव अग्रवाल, देवाशीष पाल, नितिन भट्ट, मानस प्रसून, मिल्टन पार्थ सारथी, उमेश सिंह शामिल थे।
बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी नई टीम का शनिवार को एलान किया है। इसमें विभिन्न राज्यों के भाजपा नेताओं को शामिल किया गया है। भाजपा की यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब बिहार के अलावा कई राज्यों में विधानसभा के उपचुनाव होने हैं। झारखंड में भी दो सीटों बेरमो और दुमका में विधानसभा का उपचुनाव होना है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा समीर उरांव अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं।
तेजस्वी सूर्या के युवा मोर्चा अध्यक्ष व गुरुप्रकाश के प्रवक्ता बनने पर खुशी : भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर सांसद ने तेजस्वी सूर्या को बधाई दी है। सूर्या बेंगलुरु के सांसद हैं। वहीं, गुरुप्रकाश को प्रवक्ता बनाने पर बधाई दी गई है। बधाई देनेवालों में अमलेश सिंह, तमाल राय, पिंटू सिंह, अवध बिहारी, राणा सिंह, रंजीत प्रसाद, प्रियंका रंजन, सुमित सिंह, रवि मिश्रा, सुदर्शन वर्णवाल, सुमित प्रमाणिक, अवधेश साव, जयंत चौधरी, सागर रवानी शामिल हैं।